लखनऊ:* अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री श्री एस0पी0गोयल ने आज लोक भवन स्थित कार्यालय कक्ष में उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव पद का कार्यभार ग्रहण किया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद प्रेस प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के वरिष्ठतम प्रशासनिक पद पर सेवा का अवसर प्रदान करने के लिये माननीय मुख्यमंत्री जी का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेन्स, जीरो करप्शन, औद्योगिक विकास एवं आर्थिक विकास की नीतियों को धरातल पर उतारने का पूरा जोर रहेगा।
उन्होंने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन एवं मा0 मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप उत्तर प्रदेश को विकास के पथ पर ले जाने तथा प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के पूरे प्रयास किये जायेंगे। प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों को समयबद्धता एवं पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरा कराना सुनिश्चित किया जायेगा। प्रदेश को औद्योगिक हब बनाने के लिये ठोस कदम उठाये जायेंगे, जिससे प्रदेशवासियों को एक खुशहाल प्रदेश एवं युवाओं को एक बेहतर भविष्य मिल सके।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव गृह एवं सूचना श्री संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक श्री एम0देवराज, प्रमुख सचिव पर्यटन श्री मुकेश कुमार मेश्राम, प्रमुख सचिव नियोजन श्री आलोक कुमार, जिलाधिकारी लखनऊ श्री विशाख जी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।
इस दौरान पूर्व मुख्य सचिव ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं प्रेरणादायी मार्गदर्शन में प्रदेश की सेवा करना मेरे लिए अत्यंत सम्मान एवं गौरव की बात रही। अपने कार्यकाल के दौरान राज्य के समग्र विकास और सुशासन की दिशा में समर्पित प्रयास करना मेरे जीवन का एक प्रेरणास्पद अनुभव रहा।
मैं माननीय मुख्यमंत्री जी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूँ कि उन्होंने मुझे इस उत्तरदायित्व को निभाने का अवसर प्रदान किया। साथ ही, मैं श्री एस. पी. गोयल जी को इस दायित्व के लिए शुभकामनाएँ देता हूँ और उनके सफल कार्यकाल की कामना करता हूँ।
इस अवधि में मुझे मंत्रिमंडल के माननीय सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं समस्त सहयोगियों का जो निरंतर सहयोग, स्नेह एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, उसके लिए मैं हृदय से कृतज्ञता व्यक्त करता हूँ।
यह कार्यकाल मेरे लिए न केवल सेवा का माध्यम रहा, अपितु सीख और उत्तरदायित्व की भावना से ओत-प्रोत एक स्मरणीय यात्रा भी रहा।








टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।